अपनी मांगों को लेकर आशा बहुओं का अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन जारी

ऊँचाहार, रायबरेली। विभिन्न मांगों को लेकर आशा बहुओं का अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन लगातार जारी है, इस दौरान आशा बहुओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
मंगलवार को नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिला अध्यक्ष गीता मिश्रा की अगुवाई में दर्जनों आशा बहुओं द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान आशाओं ने योगी मोदी होश में आओ, मानदेय को तुरंत बढ़ाओ आदि स्लोगन में जमकर नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष ने कहा कि सोमवार से पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
उन्होंने राज्य स्वास्थ्यकर्मी का दर्जा देकर न्यूनतम वेतन, मातृत्व अवकाश, ईएसआई, भविष्य निधि, ग्रेडटी व पेंशन की गारंटी,10 लाख रुपये का स्वास्थ्य व 50 लाख रुपये का जीवन बीमा, आशाओं के कार्य के समय का निर्धारण,2017 से अब तक लम्बित भुगतान का आकलन कर उसे सुनिश्चित किये जाने समेत अन्य मांगों का हवाला दिया।
इस मौके पर संगम देवी, सरोज देवी, किरन सिंह, निर्मला, माया देवी, अंकिता, उषा देवी समेत बड़ी संख्या में आशाएं मौजूद रही।
—————————————-
छात्रों ने प्रधानाध्यापक पर लगाया मारने-पीटने का आरोप
महराजगंज, रायबरेली। कस्बा स्थित राजा चंद्रचूड़ इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक पर विद्यालय के ही तीन छात्रों ने मारने-पीटने का आरोप लगाया है। मामले में एक छात्र ने कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी है।
पुलिस को तहरीर देकर पूरे गया बक्स का पुरवा मजरे पोखरनी निवासी राज मौर्य पुत्र राजकुमार ने बताया कि सोमवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ विनय कुमार सिंह ने उसे लाठी से मारा है जिससे उसके हाथ में चोट लगी है। वहीं लालगंज मजरे मोन निवासी दूसरे छात्र शिवम ने भी प्रधानाचार्य पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं छात्र के परिजनों ने कहा कि जब वह प्रधानाचार्य से शिकायत करने गए तो उन्होंने स्कूल से नाम काट कर भगा देने की धमकी दी। मामले में प्रधानाचार्य डॉ विनय कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह राउंड पर थे बच्चे शरारत कर रहे थे जिसपर उन्होंने हाथ में ली हुई छड़ी मार दी, विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने के लिए थोड़ी सख्ती जरूरी है, बच्चे हमारे दुश्मन नहीं है। मामले में कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आया है दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी।



