अंश निर्धारण प्रार्थना पत्र तत्काल निस्तारित हों: डीएम
बनकटी बुजुर्ग पंचायत घर में जनसुनवाई में डीएम ने ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनकटी बुजुर्ग स्थित पंचायत घर में बुधवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ल की अध्यक्षता में जनसुनवाई एवं खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ ही अंश निर्धारण,फार्मर रजिस्ट्री और विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उपजिलाधिकारी कुमार सत्यभ जीत सिंह एवं नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा भी मौजूद रहीं। इस दौरान जनवेश पुत्र बचान सिंह द्वारा अंश निर्धारण के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्र का जिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर ही निस्तारण कराया गया,जिससे फरियादी ने संतोष जताया।
बैठक में अधिकारियों ने ग्रामीणों को फार्मर रजिस्ट्री सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय लेखपाल दीपक यादव, ग्राम सचिव आनंद कंद, ग्राम प्रधान नारायण सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



