आरोप: पौने दो करोड़ लिए 50 लाख की और मांग
हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग के आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई गुहार

जसवंतनगर,इटावा। स्थानीय निवासी एक व्यक्ति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर इटावा की एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर युवती समेत पांच लोगों पर हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने, धमकी देने और बड़ी रकम की मांग करने का आरोप लगाया है।
आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया व इन्फ्लुएंसर के माध्यम से लोगों को संपर्क में लाकर उन्हें कथित रूप से हनी ट्रैप में फंसाया जाता है और बाद में निजी तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर धनराशि की मांग की जाती है। अप्रैल 2024 से मई 2026 तक अलग-अलग माध्यमों से करीब 1 करोड़ 75 लाख 68 हजार 683 रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है। इसमें बैंक खातों में ट्रांसफर और नकद रकम शामिल होने की बात कही गई है। इसके अलावा 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग किए जाने का भी आरोप है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सामाजिक और पारिवारिक प्रतिष्ठा खराब होने के डर से वह अलग-अलग समय पर रकम देने के लिए मजबूर होते रहे। प्रार्थना पत्र में नवंबर 2025 में भी लाखों रुपये की मांग किए जाने और अलग-अलग खातों में रकम भेजे जाने का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि आगे रकम देने से इनकार करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने तथा निजी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में संबंधित लोगों से संपर्क समाप्त कर लिया गया, लेकिन इसके बावजूद दोबारा धनराशि देने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने एसएसपी से पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के साथ संबंधित फर्मों के बैंक खातों के अप्रैल 2024 से मई 2026 तक के बैंक विवरण और एफिडेविट भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है।



