होलिका दहन स्थल पर अतिक्रमण का आरोप

ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार,400 साल पुराने सार्वजनिक भूमि पर सीढ़ी और मूत्रालय निर्माण का आरोप, निष्पक्ष जांच व अतिक्रमण हटाने की मांग

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला रामसुन्दर में करीब 400 वर्ष पुराने होलिका दहन स्थल पर अतिक्रमण कर निर्माण कराए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है।

गांव निवासी चंद्रवीर सिंह पुत्र कृष्णपाल सिंह ने बताया कि होलिका दहन स्थल और उससे जुड़ा रास्ता ग्राम पंचायत की सार्वजनिक भूमि है, जहां वर्षों से होलिका दहन की परंपरा चली आ रही है। आरोप है कि गांव के जगवीर सिंह, जयप्रकाश पुत्र चंद्रपाल सिंह तथा कृष्ण व विशाल पुत्र जयप्रकाश ने एक फरवरी 2026 को स्थल की दीवार तोड़कर वहां सीढ़ी और मूत्रालय का निर्माण शुरू कर दिया।

चंद्रवीर सिंह का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों द्वारा समझाने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई 2026 को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 40016126020984 दर्ज कराई गई है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों को यह कहकर गुमराह किया जा रहा है कि भूमि आबादी की है, जबकि यह स्थान लंबे समय से सार्वजनिक होलिका दहन स्थल के रूप में उपयोग होता रहा है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button