प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटी अग्निवीर तृप्ति शाक्य
युवा शाक्य संगठन ने अग्निवीर तृप्ति को किया सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। भारतीय वायुसेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद अपने गांव अधियापुर लौटीं तृप्ति शाक्य का युवा शाक्य संगठन द्वारा सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विवेक शाक्य की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में तृप्ति शाक्य को सम्मानित कर उनके संघर्ष और सफलता की सराहना की गई।
इस अवसर पर तृप्ति शाक्य ने गांव और क्षेत्र की बेटियों से कहा कि ईमानदारी,मेहनत और लगन के साथ शिक्षा पूरी कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि स्वर्गीय मां के साए के बिना भी पिता राजकुमार शाक्य,भाई और भाभी के सहयोग व विश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के दौरान युवा शाक्य संगठन की ओर से तृप्ति शाक्य को सम्मानित करते हुए शिक्षा की देवी सावित्रीबाई फुले का चित्र भेंट किया गया वहीं उनके पिता राजकुमार शाक्य को सम्मान स्वरूप बुद्ध की प्रतिमा भेंट की गई।
समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने तृप्ति शाक्य को सम्मानित करते हुए कहा कि तृप्ति जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए गौरव और बेटियों के लिए आत्मबल का स्रोत है।
इस अवसर पर युवा शाक्य संगठन से जुड़े हरेंद्र शाक्य,बलवीर शाक्य, कृष्णकांत शाक्य,चंदन शाक्य,आशीष मौर्य,हृदेश शाक्य,अमित शाक्य,अनूप शाक्य,अवनीश शाक्य, शिवम शाक्य सहित कई लोग उपस्थित रहे।
चाकू सहित युवक गिरफ्तार
जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर पुलिस ने ग्राम पाठकपुरा स्थित जूनियर स्कूल के पास से एक युवक को चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।
उपनिरीक्षक शिव शंकर सिंह और उपनिरीक्षक शुभम वर्मा बीती रात सोमवार को करीब नौ बजे संदिग्ध युवक की सूचना पर उक्त स्थान पर पहुंचे।पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा,जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बंसी मोहन उर्फ बंटू पुत्र स्व. हृदय राम निवासी नगला डंवर बताया। तलाशी में उसकी जेब से चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।



