स्कूल में शिक्षामित्र-रसोइया परोस रहे थे अश्लीलता
अश्लीलता देख ग्रामीण और छात्रों ने गेट पर डाला ताला

इटावा। ताखा विकास खंड क्षेत्र के एक कंपोजिट विद्यालय सोरो प्रथम में शिक्षामित्र व रसोइया की अश्लील हरकत से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने मंगलवार को स्कूल में ताला डाल दिया और तीन घंटे तक शिक्षण कार्य बाधित रखा।
मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी विजय प्रकाश मिश्रा से किए जाने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी अनुपम शुक्ला मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा देकर स्कूल का ताला खुलवाया। ग्रामीणों का आरोप है कि सोमवार को छुट्टी के बाद पुरुष शिक्षामित्र व महिला रसोइया स्कूल के कार्यालय में अश्लील हरकतें कर रहे थे।
छात्रों के देखे जाने और ग्रामीणों को शक होने पर स्कूली छात्र व ग्रामीण स्कूल पहुंच गए जिसपर पुरुष शिक्षामित्र ने महिला रसोइया को कमरे के अंदर बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया जिसके बाद पुरुष शिक्षामित्र स्कूल की बाउंड्रीबाल कूदकर भाग गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह स्कूल नहीं खुलने दिया और स्कूली छात्रों को स्कूल न भेजने की चेतावनी दी। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट बीएसए को भेजी गई है उच्च अधिकारी जांच में दोषी पाए जाने के बाद कार्रवाई कर सकते हैं।



