1 दिसंबर से बदल रहे ये 5 बड़े नियम, गैस सिलेंडर से SBI कार्ड और टाटा कारों तक पड़ेगा सीधा असर

Rule Change From 1st December 2026: नवंबर का महीना खत्म होने के साथ ही 1 दिसंबर 2026 से देश में कई अहम नियम और दरें बदलने जा रही हैं, जिनका सीधा असर आम आदमी की जेब, रसोई के बजट, वाहन खरीद और कारोबार पर पड़ेगा। हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करेंगी, जिस पर घरों से लेकर होटल-रेस्टोरेंट कारोबारियों तक की नजरें टिकी हैं।
1 दिसंबर से प्रभावी होंगे ये नए वित्तीय नियम
हाल के महीनों में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, जबकि 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत लंबे समय से स्थिर बनी हुई है। इसके साथ ही 1 दिसंबर को हवाई ईंधन यानी एटीएफ के दामों में भी संशोधन हो सकता है।
दूसरा बड़ा बदलाव एसबीआई क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों से जुड़ा है। बैंक द्वारा 27 अक्टूबर को साझा की गई जानकारी के अनुसार, 1 दिसंबर 2026 से तय सीमा से अधिक के ट्रांसपोर्टेशन और फ्यूल खर्च पर 1 प्रतिशत शुल्क लागू होगा। नए नियमों के तहत 30 हजार रुपये से ज्यादा के ट्रांसपोर्टेशन लेनदेन और 50 हजार रुपये के ईंधन खर्च पर यह चार्ज लगेगा।
वहीं कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए तीसरा बड़ा झटका टाटा मोटर्स की ओर से है। बीते 24 नवंबर को कंपनी के यात्री वाहन कारोबार ने घोषणा की थी कि 1 दिसंबर से पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक सहित सभी कारों व एसयूवी की कीमतों में बढ़ोतरी की जाएगी, जो वेरिएंट के हिसाब से 0.5 प्रतिशत तक हो सकती है।
शेयर और कमोडिटी बाजार से जुड़े निवेशकों व कारोबारियों के लिए भी 1 दिसंबर से नए नियम प्रभावी हो रहे हैं। सेबी के नए मार्जिन नियमों के तहत कमोडिटी डेरिवेटिव्स में कारोबार करने वालों को कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर शुरुआती मार्जिन रखना होगा, जिसके लिए तीन श्रेणियां तय की गई हैं। इसके तहत कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी पर 6 प्रतिशत, मध्यम उतार-चढ़ाव वाली पर 8 प्रतिशत और अधिक उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी पर 10 प्रतिशत मार्जिन देना होगा।
EPFO के नए नियम: UPI के जरिए PF निकालने की सुविधा देने की योजना, 4 बड़े बदलावों के बारे में जानें
इसके अलावा 25 नवंबर को अधिसूचित केंद्रीय जीएसटी नियमों के बदलावों के तहत जीएसटी पंजीकरण रद्द करने के आवेदनों की प्रक्रिया में भी फेरबदल होगा, जहां पात्र आवेदनों को जीएसटी कॉमन पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक रूप से निपटाया जाएगा, जबकि लंबित रिटर्न या बकाया राशि से जुड़े मामलों को सत्यापन व जांच के लिए संबंधित अधिकारी के पास भेजा जाएगा।



