मारपीट का विरोध करने पर बुआ को पीटा
नामजद पहले भतीजे को पीट रहे थे बुआ ने विरोध किया,रिपोर्ट दर्ज

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम रौरा में भतीजे के साथ मारपीट करने का विरोध करना उसकी बुआ को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम रौरा निवासी स्नेहलता कठेरिया ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बीती 14 नवंबर की रात करीब आठ बजे गांव में आरोपी अवनीश ने उनके 14 वर्षीय भतीजे शिवा के साथ मारपीट कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले में पीड़िता की शिकायत पर भरथना थाना पुलिस ने आरोपी अवनीश निवासी ग्राम रौरा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



