कम्पाइन मशीन ने मजदूर को कुचला: दर्दनाक मौत

जर्जर सड़क पर धूल के गुब्बार के बीच मजदूर पर चढ़ गई कम्पाइन मशीन

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा के पाली बंबा यादव नगर मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में कंबाइन मशीन की चपेट में आकर 50 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। वह बाजार से अपने घर लौट रहा था। घर से कुछ ही दूरी पहले कंबाइन मशीन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं,स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाली और बंबे की सफाई के नाम पर निकाली गई मिट्टी को सड़क किनारे छोड़ने पर भी नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, भरथना क्षेत्र के गाँव नगला पूठ निवासी 50 वर्षीय राजकुमार कुशवाहा पुत्र सीताराम सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे बाजार से अपने घर लौट रहे थे। तभी घर से कुछ ही दूरी पर पाली बम्बा यादव नगर मार्ग पर गुजर रही कंबाइन मशीन की चपेट में आ गए। मशीन की चपेट में आने से राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक के बड़े भाई शिव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मेरा छोटा भाई नोयडा में पौधों की नर्सरी में नौकरी करता है, दिवाली की छुट्टी पर घर आया हुआ था. बाजार से घर वापस आ रहा था तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया.

अचानक हुए हादसे से मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी मीरा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्य रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए।
जर्जर सड़क और मिट्टी के गुबार से राहगीर परेशान

स्थानीय लोगों का कहना है कि पाली बंबा यादव नगर मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के चलते आए दिन छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत की ओर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं जा रहा है। लोगों की परेशानी हाल ही में बंबे की सफाई के बाद और बढ़ गई है। आरोप है कि सफाई के नाम पर ठेकेदार ने बंबे से निकाली गई मिट्टी सड़क किनारे ही छोड़ दी है। इससे पूरे दिन वाहनों के आवागमन के दौरान धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। धूल के कारण सड़क पर सामने से आने वाले वाहन और राहगीर ठीक से दिखाई नहीं देते। ऐसे में इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली और किनारे पड़ी मिट्टी से पैदा हो रही धूल की समस्या को दूर कराने के लिए जिम्मेदारों को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

बताया गया कि राजकुमार नोएडा में पौधों की नर्सरी में नौकरी करते थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी मीरा देवी, तीन बेटियां प्रीति, ऋतु और स्वीटी तथा एक पुत्र दीपेश को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है पुलिस ने कम्पाइन मशीन को अपने कब्जे में लेते हुए चालक को भी हिरासत में ले लिया है।

Related Articles

Back to top button