महिला से मारपीट: हाथ तोड़ने का आरोप
विरोध करने पर सात पर लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस ने घायल महिला को इलाज हेतु भेजा अस्पताल

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम पिहरपुर में खेत से जबरन पानी निकालने का विरोध करने पर एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सात लोगों पर मारपीट कर हाथ तोड़ने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर भेजा है।
ग्राम पिहरपुर निवासी सरिता पत्नी सत्यवीर ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह अपने खेत पर मौजूद थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोग उसके खेत से जबरन पानी निकालने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने एकराय होकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसके हाथ में गंभीर चोट आई है। महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसका हाथ टूट गया।
घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। इसके बाद महिला ने बलरई थाने पहुंचकर सात लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी जसवंतनगर भेज दिया।
बलरई थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



