गाजियाबाद से आगरा के लिए 5 बसें रवाना, विशाल दलित महासम्मेलन में शामिल होंगे सैकड़ों कार्यकर्ता

सपा प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने पार्टी का झंडा दिखाकर बसों को किया रवाना, अखिलेश यादव होंगे मुख्य अतिथि

गाजियाबाद। आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित होने वाले विशाल दलित महासम्मेलन में शामिल होने के लिए गाजियाबाद से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का काफिला रवाना हुआ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं गाजियाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र (56) के अभिषेक गर्ग के नेतृत्व में पांच बसों में सवार होकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आगरा के लिए रवाना हुए।

इस दौरान प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने समाजवादी पार्टी का झंडा दिखाकर बसों को रवाना किया। आगरा में आयोजित इस महासम्मेलन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के संयोजक राज्यसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री रामजीलाल सुमन हैं।

बसों की रवानगी के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अभिषेक गर्ग ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी दलित समाज के सम्मान, अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की नीतियों और पीडीए के विजन से प्रभावित होकर दलित समाज के लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मिशन-2027 की तैयारियों के तहत आयोजित इस महासम्मेलन में गाजियाबाद से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक अपनी भागीदारी दर्ज कराने के लिए आगरा पहुंचेगे। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button