श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को समर्पित आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया भाग, मानवता और सेवा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

गाजियाबाद। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार सुबह सिद्धार्थ विहार स्थित एसजी शिखर सोसाइटी में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। सुबह पांच बजे शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में सोसाइटी के बड़ी संख्या में निवासियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान पूरा परिसर गुरुबाणी और वाहेगुरु के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।

प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालुओं ने अकाल पुरख का सिमरन करते हुए गुरुबाणी का पाठ और कीर्तन किया। ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने प्रभु का स्मरण किया। सुबह की शांत बेला में गुरुबाणी और कीर्तन के साथ दिन की शुरुआत करना संगत के लिए आध्यात्मिक अनुभव रहा।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के संदेश को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, समानता, सेवा, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती हैं।

आयोजकों ने बताया कि यह प्रभात फेरी 24 नवंबर को मनाए जाने वाले गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व से पहले आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों की शुभ शुरुआत है। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी निवासियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। अंत में एसजी शिखर परिवार की ओर से सभी को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।

Related Articles

Back to top button