सोना 13 महीने के निचले स्तर पर फिसला, 18 कैरेट 1 लाख के करीब; चेक करें प्रमुख शहरों के रेट्स

Gold Price Crash 2026: वैश्विक स्तर पर बिकवाली के दबाव के बीच घरेलू सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट का सिलसिला बना हुआ है। भारी बिकवाली के चलते 18 कैरेट सोने के दाम अब ₹1 लाख प्रति 10 ग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर के बेहद करीब आ चुके हैं, वहीं 22 और 24 कैरेट गोल्ड के भाव में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
शुक्रवार, 13 नवंबर को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह करीब 10:00 बजे सोना ₹1.37 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1.78 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार करती दिखी। इससे ठीक एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने में ₹2,200 की भारी गिरावट देखने को मिली थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें लगभग 3 प्रतिशत टूटकर $3,880 प्रति औंस के करीब पहुंच चुकी हैं, जो कीमती धातु का पिछले 13 महीनों का सबसे निचला स्तर है। इस तेज गिरावट की मुख्य वजह अमेरिका में मुद्रास्फीति का उम्मीद से अधिक बना रहना है। महंगाई के आंकड़े उच्च स्तर पर रहने से यह संभावना बढ़ गई है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है।
इस कयास से अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में मजबूती आई है। चूंकि सोने पर कोई निश्चित ब्याज नहीं मिलता, इसलिए बढ़ती बॉन्ड यील्ड और मजबूत डॉलर के माहौल में निवेशक सोने से पूंजी निकाल रहे हैं, जिसका सीधा असर सोने के साथ चांदी की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है।
SBI VS सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया: 1 साल की FD में ₹50,000 जमा करने पर कहां मिलेगा बंपर मुनाफा? देखें पूरा कैलकुलेशन
देश के प्रमुख महानगरों में आज 13 नवंबर को सोने की कीमतें अलग-अलग दर्ज की गई हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोना ₹1,39,940, 22 कैरेट ₹1,28,340 और 18 कैरेट ₹1,04,955 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है। वहीं मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और पुणे में 24 कैरेट गोल्ड का रेट ₹1,39,790, 22 कैरेट का भाव ₹1,28,140 और 18 कैरेट का दाम ₹1,04,842 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि अमेरिकी फेड की सख्त नीतियां जारी रहती हैं तो सोने पर दबाव आगे भी दिख सकता है, इसलिए खरीदारी से पहले स्थानीय टैक्स और ज्वैलर्स के मेकिंग चार्ज के साथ अपने शहर के अंतिम भाव जरूर जांच लें।



