श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाई गई दीपावली

एमएलसी दिनेश कुमार गोयल ने दी दीपावली की शुभकामनाएं, छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों से बांधा समां

गाजियाबाद। श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय में 6 नवंबर को प्रकाश पर्व दीपावली बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय को छात्राओं द्वारा बनाई गई विभिन्न सजावटी वस्तुओं, वॉल हैंगिंग, बंदनवार और दीपकों से आकर्षक रूप से सजाया गया। विघ्नहर्ता भगवान गणेश की सुंदर रंगोली कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दीपावली उत्सव को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) श्री दिनेश कुमार गोयल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। उन्होंने विद्यालय परिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपने स्नेहपूर्ण आशीर्वचनों एवं प्रेरणादायक संदेश से सभी का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम शर्मा ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली के अवसर पर हमें अपने हृदय में भी ज्ञान का दीपक जलाना चाहिए, जो स्वयं के साथ-साथ पूरे संसार को प्रकाशित कर सके। उन्होंने छात्राओं को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक सोच के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रबंधक श्री ज्ञान प्रकाश गोयल ने भी सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय समिति के उपाध्यक्ष श्री दिनेश कुमार गोयल (सोप वाले), प्रबंधक श्री ज्ञान प्रकाश गोयल, उपप्रबंधक श्री अनिल कुमार, कोषाध्यक्ष श्री मोहित गुप्ता सहित विद्यालय की समस्त अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button