मेवाड़ संस्थान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 298 युवाओं को किया गया शॉर्टलिस्ट
38 कंपनियों ने लिया भाग, 574 अभ्यर्थियों ने दिया साक्षात्कार; युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संयुक्त तत्वावधान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। संस्थान परिसर में आयोजित मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 38 कंपनियों ने भाग लिया। रोजगार की तलाश में पहुंचे कुल 574 विद्यार्थियों ने कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिया, जिनमें से 298 विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों ने शॉर्टलिस्ट किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी गौतम घोष ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार तथा शिक्षण संस्थानों के संयुक्त प्रयास बेहद आवश्यक हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक ज्ञान और रोजगार के योग्य बनाना भी है।
संस्थान के महासचिव सीए अशोक कुमार सिंघल ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए कौशल विकास, व्यावहारिक ज्ञान और सकारात्मक दृष्टिकोण बेहद जरूरी है। रोजगार मेले जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने जिला प्रशासन, जिला सेवायोजन अधिकारी, प्रतिभागी कंपनियों एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। मेले में युवाओं को रोजगार संगम एवं सेवायोजन विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से भी रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।



