रंगोली प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर नन्हें छात्रों ने मन मोह लिया

भरथना,इटावा। भरथना क्षेत्र की शिक्षण संस्थान संस्कृति इंटरनेशनल स्कूल में दीपावली के महापर्व के स्वागत एवं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्था ने रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संस्था के विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे रंगों, आकर्षक डिजाइनों एवं पारंपरिक कलात्मक आकृतियों के माध्यम से दीपावली के उत्सव को जीवंत कर दिया। रंगोलियों में भारतीय संस्कृति,परंपरा और दीपावली के उल्लास की सुंदर झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, रंगों के बेहतर संयोजन और टीम भावना से सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में सामवेद हाउस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया,जबकि अथर्ववेद हाउस ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं यजुर्वेद हाउस तृतीय स्थान पर रहा। सभी हाउस के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह,लगन और रचनात्मकता के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस अवसर पर संस्कृति इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक अंकित यादव, प्रधानाचार्य प्रियंका सिंह एवं कैम्ब्रिज मॉन्टेसरी स्कूल की प्रधानाचार्या निकिता यादव ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता,सहयोग की भावना,सांस्कृतिक जागरूकता एवं आत्मविश्वास का विकास करती हैं। उन्होंने विजेता हाउस के विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



