रेडक्रॉस और रोटरी क्लब ने 105 गर्भवती महिलाओं को वितरित की पोषण पोटली
जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम, स्वस्थ मातृत्व और बेहतर पोषण के प्रति किया जागरूक

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद के अनुरूप गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए रेडक्रॉस सोसायटी गाजियाबाद शाखा और रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 की ओर से सोमवार को संजय नगर स्थित जिला चिकित्सालय में पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 105 चयनित गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की गई।
रेडक्रॉस सोसायटी गाजियाबाद शाखा के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ तथा सभापति सुभाष गुप्ता के आह्वान पर रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. अमित गुप्ता ने इस अभियान में सहयोग प्रदान किया। विभिन्न रोटरी क्लबों के सहयोग से गर्भवती महिलाओं को प्रत्येक माह चार दिन पोषण पोटली वितरित करने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित मातृत्व पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य वक्ता राजकीय चिकित्सालय की प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नलिनी ने महिलाओं को पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखने, संतुलित आहार लेने और मानसिक रूप से खुशहाल रहने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में सुभाष गुप्ता, संजय यादव, मूलचंद गौड़, शशि साधना, उषा रानी, निशा गुप्ता और अजय साधना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने भी कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।



