भोजपुरी वाला स्टार की रंगारंग प्रस्तुतियों पर टूटी कुर्सियां
भोजपुरी वाला को देखने उमड़ी हजारों दर्शकों की भरी भीड़

(रामलीला महोत्सव समापन)
जसवंतनगर,इटावा। विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक मैदानी रामलीला महोत्सव का रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हो गया। भोजपुरी फिल्म स्टार शुभी शर्मा की प्रस्तुतियां देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों दर्शक उमड़ पड़े। उनके लोकप्रिय गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। हालांकि अनुमान से अधिक भीड़ पहुंचने के कारण बैठने की व्यवस्थाएं चरमरा गईं। अव्यवस्था के बीच कुछ युवकों ने कई दर्जन कुर्सियां तोड़ दीं। पुलिस को बल प्रयोग कर स्थिति संभालनी पड़ी। बड़ी संख्या में महिलाओं को जमीन पर बैठकर कार्यक्रम देखने के लिए मजबूर होना पड़ा।
समापन समारोह का शुभारंभ भोजपुरी अभिनेत्री शुभी शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ किया। रामलीला प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू ने नगर की ऐतिहासिक मैदानी रामलीला की प्राचीनता और गौरवशाली परंपरा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आमंत्रित कलाकार भावना द्विवेदी सहित अन्य कलाकारों को रामलीला समिति के पदाधिकारियों और उपप्रबंधक ठाकुर अजेंद्र सिंह गौर ने सम्मानित किया।
भोजपुरी स्टार शुभी शर्मा ने ‘कच्ची कली’, ‘मासूम चेहरा’ सहित अनेक लोकप्रिय गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं गायिका कामिनी ठाकुर ने ‘लैला हो लैला’ और ‘कैसी हो लैला’ जैसे रंगीले गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। रॉक स्टार शैजी ने भी अपने लोकप्रिय गानों और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में जोश भर दिया।
कार्यक्रम में शालिनी शर्मा ने गायन,नीतू सक्सेना ने पैड प्लेयर,अभिषेक कुशवाह ने गिटार,अनिल प्रजापति ने नाल,राजन कुमार ने की-बोर्ड और राहुल जोशी ने ड्रम पर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में अनुमान से कहीं अधिक भीड़ उमड़ने के कारण बैठने की व्यवस्था कमजोर पड़ गई। भोजपुरी स्टार शुभी शर्मा की ‘कच्ची कली’ गीत पर डांस प्रस्तुति के दौरान कुछ युवकों के बेकाबू होने से कई दर्जन कुर्सियां टूट गईं और उनका ढेर लग गया। कुर्सियां टूटने और भीड़ बढ़ने पर पुलिस को बल प्रयोग कर व्यवस्था संभालनी पड़ी।
बड़ी संख्या में महिलाओं को जमीन पर बैठकर कार्यक्रम देखना पड़ा, जबकि कुछ चुनिंदा वीआईपी लोगों के लिए सोफों की व्यवस्था रही। आम दर्शकों को भारी भीड़ और धक्कामुक्की के बीच कार्यक्रम देखने को मजबूर होना पड़ा। ऐसे बड़े आयोजनों में आम जनता,विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बेहतर एवं समान बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है।
हालांकि भीड़ को नियंत्रित करने में सीओ आयुषी सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष कमल भाटी की पुलिस टीम ने मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पहुँच कर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह मौके पर पहुंचकर लगातार भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रहीं। पुलिस की सक्रियता से भारी भीड़ के बावजूद स्थिति नियंत्रित बनी रही।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भोजपुरी स्टार शुभी शर्मा की शानदार मौजूदगी के साथ क्षेत्र का ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव यादगार समापन की ओर पहुंचा।



