लेखपाल पर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम समाज की भूमि पर दर्ज सरकारी खाद के गड्ढों पर अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने गांव के ही कुछ लोगों पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह से शिकायत की है। उन्होंने खाद के गड्ढों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

ग्रामीण सुभाष चंद्र, विजय प्रताप, चंद्र प्रकाश, दिनेश चंद्र, दूरबीन सिंह, अंकित, राजवीर, उदयवीर, धर्मेंद्र सिंह, विनोद कुमार, अजीत और पंकज आदि ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गाटा संख्या 154 में ग्राम समाज की भूमि सरकारी अभिलेखों में खाद के गड्ढों के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने इस भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण करा लिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि मामले की शिकायत पहले जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने संबंधित लेखपाल पर भी गलत और भ्रामक रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर निष्पक्ष जांच कराकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच की जिम्मेदारी अधीनस्थ लेखपाल को सौंपी है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button