हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगा भव्य तिरंगा मेला

जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने किया शुभारंभ, विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण

मऊ। नगर पालिका परिषद कम्युनिटी हॉल परिसर में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत भव्य तिरंगा मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने किया। इस दौरान उन्होंने मेले में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए, स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां रखे उत्पादों व गतिविधियों की भी जानकारी ली।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से लगाए गए टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) के स्टॉल की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीएलएम के जरिए बच्चों को पढ़ाई समझने में आसानी होती है और शिक्षा को रोचक बनाने में इसकी अहम भूमिका है। इसके बाद उन्होंने कृषि विभाग के स्टॉल पर मोटे अनाज से तैयार किए गए चावल, आटा समेत अन्य उत्पादों को देखा। इन उत्पादों की मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी की।

उद्यान विभाग के स्टॉल पर जैविक उर्वरकों के इस्तेमाल से तैयार की गई सब्जियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। उन्होंने विभागों के प्रयासों की सराहना की। मेले में उद्यान, कृषि, बेसिक शिक्षा, मत्स्य, एनआरएलएम और स्वयं सहायता समूहों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। इनमें स्थानीय उत्पाद, कृषि एवं उद्यान से जुड़ी सामग्री, शिक्षण सामग्री और रोजमर्रा में उपयोग होने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन और बिक्री की गई।

तिरंगा मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर उत्पादों की जानकारी ली और जरूरत के सामान की खरीदारी भी की। मेले के जरिए स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों में देशभक्ति का उत्साह भी देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button