फर्जी आधार बनाकर दिव्यांग की भूमि बेचीं

न्यायालय के आदेश पर भाई समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम कोकावली में दिव्यांग की पैतृक जमीन फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेचने का मामला सामने आया है। गांव निवासी 35 वर्षीय दृष्टिबाधित एवं कम सुनने वाले रामपाल सिंह पुत्र स्व. मोहन सिंह ने अपने भाई राम सिंह समेत कई लोगों पर फर्जी आधार कार्ड बनाकर जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। पुलिस से शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रामपाल सिंह के अनुसार वह अपने बड़े भाई रघुवीर सिंह के साथ चंडीगढ़ में रहते हैं। आरोप है कि उनके भाई राम सिंह ने उनके नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार कर मौजा कोकावली की गाटा संख्या 385ब, 384 और 385 में दर्ज उनके एक-चौथाई हिस्से की जमीन दुर्गापुरा, मौजा धरवार निवासी मुकेश कुमार को बेच दी।

पीड़ित का आरोप है कि 21 जून 2025 को राम सिंह, जमीन के खरीदार मुकेश कुमार, गवाह अमर सिंह और दिलीप कुमार तथा बैनामा लेखक शिवराम ने षड्यंत्र कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बैनामा कराया। इसके बाद 19 सितंबर 2025 को जमीन का दाखिल-खारिज भी करा लिया गया।

रामपाल सिंह का कहना है कि उनका आज तक आधार कार्ड बना ही नहीं है। बैनामा में किए गए हस्ताक्षर भी उनके नहीं हैं। गांव लौटने के बाद तहसील से जांच कराने पर उन्हें जमीन बेचे जाने की जानकारी हुई।

उन्होंने मामले की शिकायत 13 जुलाई 2026 को थाना जसवंतनगर और 14 जुलाई को एसएसपी इटावा से की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय की अदालत में प्रार्थनापत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button