शहीदों के परिवारों के त्याग और संघर्ष की कहानी है फिल्म ‘जो लेख लिखे राम ने’

इंदिरापुरम में फिल्म की स्टारकास्ट ने की प्रेसवार्ता, सच्चिदानंद पोखरियाल ने की टीम की सराहना

गाजियाबाद। इंदिरापुरम के शक्ति खंड-2 स्थित रिन्यू प्लस (स्किन, हेयर एवं लेजर क्लिनिक) में हिंदी-हरियाणवी फिल्म ‘जो लेख लिखे राम ने’ को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। रिन्यू प्लस एवं एक्सईएस मोटर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर रितेश ध्यानी के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में फिल्म की स्टारकास्ट ने मीडिया से संवाद किया। पूर्व राज्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानंद पोखरियाल ने फिल्म की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए रितेश ध्यानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

फिल्म के लेखक-निर्देशक रोहित कौशिक और निर्माता शलभ काम्बोज (9th Root International Films) ने बताया कि फिल्म में वीर जवानों के शौर्य, बलिदान और उनके परिवारों के त्याग एवं संघर्ष को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है। कहानी में हरियाणा की संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम के साथ शहादत के बाद परिवारों के जीवन में आने वाले बदलावों को भी दर्शाया गया है।

फिल्म में वरिष्ठ अभिनेता राजेंद्र गुप्ता, संगीता जांगड़ा, साक्षी ओलियान, आरज़ू, अल्पना सुहासिनी और डैनी सहित कई कलाकार शामिल हैं। इसके अलावा अरुण गोविल, मुकेश तिवारी, गोविंद नामदेव और मनोज जोशी ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। अभिनेता राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसी फिल्में दर्शकों को जवानों के बलिदान के साथ उनके परिवारों की पीड़ा और संघर्ष को समझने का अवसर देती हैं। सिनेमा के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत किया जा सकता है।

सच्चिदानंद पोखरियाल ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सम्मान उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि फिल्म समाज में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देगी।

इस अवसर पर रितेश ध्यानी ने फिल्म की टीम, पत्रकारों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। डॉ. स्वाति ध्यानी ने दिल्ली-एनसीआर के दर्शकों से परिवार सहित सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रेरणादायक फिल्मों को दर्शकों का समर्थन मिलना चाहिए।

प्रेसवार्ता एवं सम्मान समारोह के बाद परिसर में माता की चौकी का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन और जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। उपस्थित लोगों ने रितेश ध्यानी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की। फिल्म ‘जो लेख लिखे राम ने’ 30 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button