थाना समाधान दिवस में आईं दस शिकायतें, पांच का मौके पर निस्तारण

भरथना,इटावा। कोतवाली परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान विभिन्न समस्याओं को लेकर कुल दस शिकायती प्रार्थना पत्र आए,जिनमें पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की टीम को निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में रमायन गांव के गुलाब सिंह ने गाटा संख्या 674 की सरकारी भूमि, गाटा संख्या 677 के खाद के गड्ढे और गाटा संख्या 678 की नवीन परती भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर नींव भरने और मकान निर्माण कराने की शिकायत की। असफपुर गांव के देवेंद्र सिंह ने दो बीघा जमीन पर अवैध कब्जा रोकने की मांग की। कस्बे के ब्रजराजनगर निवासी मनोज कुमार ने खाते से 75 हजार रुपये कटने की शिकायत की।
वहीं,कुँवरा गांव के शिव प्रसाद द्विवेदी ने विपक्षियों पर झूठी शिकायत करने का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया। कुसना गांव के राम सिंह ने खेत की पैमाइश कराने,जैतपुर ख्वाजगी के ग्रामीणों ने नाली निर्माण में बाधा डालने वाले व्यक्ति को रोकने की मांग की। चंदेठी गांव के अवधेश कुमार ने राजस्व और पुलिस बल की सहायता से चकमार्ग का दोबारा सीमांकन कराने,जबकि इसी गांव के सुर्जेश सिंह ने चकमार्ग और नाली की पुनः पैमाइश कराने की मांग की। इसके अलावा मोढ़ी गांव के राम सिंह ने चकरोड संख्या 380 की पैमाइश कराकर उसे सुरक्षित कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
प्राप्त शिकायतों में पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों में संबंधित राजस्व और पुलिस कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई कर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान राजस्व निरीक्षक अनिल यादव, उपनिरीक्षक नितिन कुमार, कुलदीप सिंह, इदु हसन,गीता देवी और तन्मय चौधरी सहित क्षेत्रीय लेखपाल मौजूद रहे।



