ये केस सत्ता को ले डूबेगा, मॉडल श्रद्धा दुबे मामले में अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरा

Akhilesh on Shraddha Dubey: राजधानी लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला बताया।
अखिलेश ने साफ लफ्जों में कहा कि यह कोई सामान्य आपराधिक मामला नहीं है, बल्कि यह पूरा प्रकरण सरकार को ले डूबेगा। सपा प्रमुख का सीधा इशारा उन जांच रिपोर्ट्स और चर्चाओं की तरफ था जिनमें मॉडल श्रद्धा दुबे के रसूखदार नेताओं और नौकरशाहों के साथ करीबी रिश्तों की बातें कही जा रही हैं। फरारी के दौरान श्रद्धा द्वारा जारी किए गए पहले वीडियो में भी उसने खुद का नाम बड़े अधिकारियों व नेताओं से न जोड़ने की गुहार लगाई थी, वहीं शिवा शर्मा को धमकाते हुए उसके पुराने वायरल वीडियो में भी वह किसी प्रभावशाली ‘सर’ से शिकायत कर बर्बाद करने की धमकी देती नजर आई थी।
सपा प्रमुख ने पुलिस जांच की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए इस मामले की तुलना कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड से कर डाली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस समय भी विकास दुबे की गाड़ी नहीं पलटी थी, बल्कि सरकार को पलटने से बचाया गया था और मौजूदा मामला भी उसी रास्ते पर जाता दिख रहा है।
अखिलेश ने ली चुटकी
प्रेस वार्ता के दौरान मौजूद एएनआई के रिपोर्टर से मुखातिब होते हुए अखिलेश ने चुटकी लेते हुए पूछा कि क्या श्रद्धा का इंटरव्यू तुमने ही किया था, और आगे कहा कि मीडिया भी इस मामले में बंटी हुई नजर आ रही है जहां कुछ लोग आरोपी के साथ खड़े हैं और कुछ खिलाफ, वहीं पीड़ित परिवार को बिना किसी भेदभाव के सिर्फ न्याय मिलना चाहिए।
11 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की गिरफ्त से दूर श्रद्धा दुबे निरंतर सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर रही है और हाल ही में एक राष्ट्रीय न्यूज एजेंसी को उसने गुप्त स्थान से लंबा इंटरव्यू भी दिया, जिसके बाद पुलिस महकमे की भारी किरकिरी हुई। इस लापरवाही पर शासन ने सख्त रुख अपनाते हुए डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को पद से हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया, वहीं हजरतगंज कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया गया और एसीपी रजनीश वर्मा का तबादला एसीपी क्राइम के पद पर कर दिया गया।
अयोध्या में योगी vs अखिलेश का महा-दंगल; 3 दशकों का किला ढहाने की तैयारी में सपा, मचा हड़कंप
आपको बता दें कि बीते 9 अक्टूबर को हजरतगंज इलाके में मॉडल श्रद्धा दुबे के फ्लैट की बालकनी से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी, जिसके बाद मृतक की मां की तहरीर पर श्रद्धा और उसकी बहन सहित चार लोगों पर छत से धक्का देकर हत्या करने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था और पुलिस ने फरार मॉडल पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।



