बीच मैदान पर बेकाबू हुईं शेफाली वर्मा! ICC ने सुनाया कड़ा फरमान, खाते में जुड़ा डिमेरिट पॉइंट!

ICC Demerit Points 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की आक्रामक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मैदान पर अनुशासनहीनता दिखाने के लिए कड़ा रुख अपनाते हुए आधिकारिक फटकार लगाई है। इसके साथ ही भारतीय खिलाड़ी के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया गया है।

शेफाली को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए तय आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है, जो किसी भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान खेल के उपकरणों, कपड़ों, मैदान की संपत्ति या अन्य सुविधाओं के अनुचित इस्तेमाल अथवा तोड़फोड़ से संबंधित है।

यह विवादित वाकया जिम्बाब्वे की पारी के 12वें ओवर के दौरान देखने को मिला। भारतीय गेंदबाज श्री चरणी की गेंद पर जिम्बाब्वे की बल्लेबाज चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने शॉट खेला, जिसका आसान कैच मिड-ऑफ पर तैनात शेफाली वर्मा के हाथों से फिसल गया।

कैच ड्रॉप होने से बुरी तरह खीझ उठीं शेफाली ने अत्यधिक गुस्से और हताशा में क्रिकेट की गेंद को जोर से जमीन पर दे मारा। मैदानी अंपायर वृंदा राठी और गायत्री वेणुगोपालन, तीसरे अंपायर अन्ना हैरिस और चौथी अंपायर जननी नारायणन ने इस हरकत को गंभीरता से लेते हुए मैच रेफरी से शिकायत दर्ज कराई थी।

कभी दूसरों ने उड़ाया मजाक, आज एशियन पैरा गेम्स में गोल्ड मेडलिस्ट; जानें कौन हैं दीप्ति जीवनजी

मैच के बाद आईसीसी के इंटरनेशनल मैच रेफरी पैनल की जीएस लक्ष्मी ने शेफाली को लेवल-1 के तहत दोषी करार देते हुए सजा की सिफारिश की। युवा बल्लेबाज ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए प्रस्तावित सजा को बिना किसी विरोध के मान लिया, जिसके कारण मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की नौबत नहीं आई। बीते 24 महीनों के भीतर यह शेफाली वर्मा के करियर का पहला अनुशासनात्मक उल्लंघन है। आईसीसी के नियमों के अनुसार लेवल-1 का अपराध साबित होने पर कम से कम आधिकारिक फटकार से लेकर मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जाने का सख्त प्रावधान है।

Related Articles

Back to top button