1200 स्कूटी पर सवार होकर निकलीं 2000 महिलाएं, मिशन शक्ति के तहत दिया सुरक्षा का संदेश
पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइंस से हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, प्रमुख चौराहों से होकर गुजरी रैली

गाजियाबाद। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शनिवार को गाजियाबाद में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत भव्य स्कूटी रैली निकाली गई। शारदीय नवरात्रि के नौ दिवसीय विशेष अभियान के सातवें दिन आयोजित रैली में करीब 1200 स्कूटी पर सवार 2000 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइंस से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में महिला पुलिसकर्मियों, महिला वॉलंटियर फोर्स (एमवीएफ) की सदस्यों, कॉलेज की छात्राओं और विभिन्न महिला संगठनों की प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।
प्रमुख चौराहों से होकर गुजरी रैली
पुलिस लाइंस से शुरू हुई रैली हापुड़ चुंगी, इंग्राहम कट, पुराना बस अड्डा, चौधरी मोड़, घंटाघर, हापुड़ मोड़ और सेठ मुकुंदलाल चौराहे से होते हुए वापस पुलिस लाइंस पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात, सभी पुलिस उपायुक्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली उपासना पांडेय और सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध शुचिता सिंह ने भी रैली में भाग लिया।
महिला सुरक्षा के लिए जनभागीदारी जरूरी
गाजियाबाद पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों की जानकारी देने और सहायता के विभिन्न माध्यमों से परिचित कराने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुलिस ने संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसके लिए जागरूकता और जनभागीदारी जरूरी है। कमिश्नरेट पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।



