जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने इंदिरापुरम के विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण, पात्र युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर

गाजियाबाद। जनपद में मतदाता सूची को अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान अब 17, 18, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को संचालित किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में पहले 17 और 24 अक्टूबर को अभियान चलाया जाना निर्धारित था। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 18 और 25 अक्टूबर को भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

चारों तिथियों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण का कार्य करेंगे। अन्य दिनों में बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का चिह्नीकरण और सत्यापन करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

इसी क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने इंदिरापुरम के अहिंसा खंड, शक्ति खंड और ज्ञान खंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में बूथ संख्या 603 से 614 तथा 619 से 630 तक का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, डीडी कृषि, एसडीएम सदर, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी और निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए। सभी क्षेत्रों में अभियान की नियमित निगरानी करने के साथ बीएलओ की उपस्थिति और उनके कार्यों का सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों, महिला मतदाताओं और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को विशेष रूप से जागरूक किया जाए। बीएलओ पात्र नागरिकों को पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ निर्धारित प्रपत्र भरने में भी सहायता उपलब्ध कराएं। अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अपात्र प्रविष्टियों को हटाने से संबंधित आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा अभियान की नियमित समीक्षा करने को कहा। प्रशासन का लक्ष्य है कि जनपद के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों और वे आगामी निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Related Articles

Back to top button