समाधान दिवस में छाईं रहीं अवैध कब्जों की शिकायतें

कुल 34 में 6 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

जसवंतनगर,इटावा। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ल की अध्यक्षता और एसएसपी ब्रजेश श्रीवास्तव की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 34 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। सबसे अधिक शिकायतें जमीन पर कब्जे और अवैध निर्माण से संबंधित रहीं।

गांव फुलरई निवासी खेंन पाल सिंह ने दबंगों द्वारा उनकी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने की शिकायत की। वहीं बार एसोसिएशन ने एसडीएम न्यायिक पर सही निर्णय नहीं लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। नगला रामसुंदर निवासी चंद्रवीर सिंह ने होलिका दहन की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की।

मोहल्ला लुधपुरा निवासी मुन्नी देवी ने अपने प्लाट पर विपक्षी पक्ष द्वारा किए जा रहे निर्माण को रुकवाने की मांग की। जोनई निवासी हरिओम ने बताया कि लेखपाल द्वारा जमीन की पैमाइश किए जाने के बाद सचिव ने वहां मिट्टी डलवा दी। मलाजनी निवासी धर्मेंद्र कुमार ने सहखातेदार द्वारा अपने हिस्से से अधिक जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत की।

दुर्गापुरा निवासी प्रह्लाद सिंह ने मौजा लुधपुरा में सरकारी कूल को कब्जामुक्त कराने की मांग की। खेड़ा बुजुर्ग निवासी अवनीश कुमार ने गांव के ही एक व्यक्ति पर खेत दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। नगला छंद निवासी मधु चौहान ने भू-माफियाओं द्वारा सरकारी जमीन और नाली पर किए गए कब्जे को हटवाने की शिकायत की।

डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में सीएमओ डॉ. बिजेंद्र कुमार सिंह, एसपी सिटी बबीता सिंह, एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार नेहा सचान, सीओ आयुषी सिंह, थाना प्रभारी कमल भाटी, बलरई थाना प्रभारी आलोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button