नहाने के तुरंत बाद तेल या लोशन लगाना सही या गलत, डर्मेटोलॉजिस्ट का ये फॉर्मूला बदल देगा आपकी स्किन

Hot Water vs Cold Water Bath Skin: रोजाना नहाना हमारी दिनचर्या का अहम हिस्सा है, मगर नहाने का सही तरीका न पता होने पर यह आदत त्वचा को फायदा पहुंचाने के बजाय भारी नुकसान पहुंचा सकती है। अक्सर लोग सर्दियों में तेज गर्म पानी का इस्तेमाल करते हैं या कीटाणुओं के डर से पानी में एंटीसेप्टिक लिक्विड जैसे डिटॉल घोल लेते हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) डॉ. अंकुर सरीन ने सोशल मीडिया पर स्किन केयर से जुड़ी इन सामान्य आदतों का वैज्ञानिक विश्लेषण करते हुए बताया है कि कौन सा पानी त्वचा के लिए सुरक्षित है और कौन सा नुकसानदेह साबित हो सकता है।

नहाने के फौरन बाद करें ये काम

डॉक्टर के अनुसार, तेज गर्म पानी से नहाने की आदत को त्वचा के लिहाज से 10 में से केवल 2 अंक दिए जा सकते हैं। खौलता या अधिक गर्म पानी त्वचा की प्राकृतिक नमी और सुरक्षात्मक ‘स्किन बैरियर’ को नष्ट कर देता है, जिससे ड्राईनेस, खुजली, लालिमा और जलन की समस्या पैदा होती है। अगर गुनगुने पानी से नहाना जरूरी लगे, तो पानी का तापमान बिल्कुल सामान्य रखें और नहाने के फौरन बाद स्किन पर मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं।

इसके विपरीत, सामान्य या ठंडे पानी से नहाने को त्वचा और ब्लड सर्कुलेशन के लिए बेहतर मानते हुए 10 में से 9 रेटिंग दी गई है। हालांकि, बहुत अधिक चिल्ड पानी से हड्डियों में जकड़न या जुकाम का खतरा रहता है, इसलिए इसे मौसम और अपनी शारीरिक सहनशीलता के अनुसार ही चुनना चाहिए।

तेल या शैम्पू नहीं, आपके बाल झड़ने की असली वजह है शरीर की ये छिपी बीमारी

नहाने के पानी में डिटॉल या अन्य एंटीसेप्टिक लिक्विड मिलाने के चलन पर डॉक्टर ने आगाह करते हुए इसे 10 में से सिर्फ 3 की रेटिंग दी है। रोजाना एंटीसेप्टिक का इस्तेमाल त्वचा के जरूरी और फायदेमंद माइक्रोबायोम को खत्म कर देता है, जिससे स्किन अत्यधिक रूखी हो जाती है और गंभीर एलर्जी या रेडनेस का खतरा बढ़ जाता है। शरीर की सामान्य सफाई के लिए सौम्य साबुन या बॉडी वॉश पर्याप्त होता है। इसके अलावा, दिन में दो बार नहाने की आदत को 10 में से 7 अंक मिले हैं, जो अत्यधिक पसीना आने, वर्कआउट करने या तेज गर्मी के मौसम में ही उचित है। वहीं, नहाने के तुरंत बाद हल्की गीली त्वचा पर तेल या बॉडी लोशन लगाने को 10 में से 7 रेटिंग दी गई है, क्योंकि यह नमी को लॉक कर त्वचा को लंबे समय तक कोमल और स्वस्थ बनाए रखता है।

Related Articles

Back to top button