नैनो उर्वरकों से घटेगी खेती की लागत, फसल उत्पादन में होगा सुधार

जसवंतनगर,इटावा। इफको द्वारा शासकीय कृषि फार्म जोनई में क्षेत्र दिवस कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को नैनो यूरिया प्लस एवं नैनो डीएपी के प्रयोग और संतुलित उर्वरक प्रबंधन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों के साथ कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी और इफको के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इफको लखनऊ के उप महाप्रबंधक डा.एस.के. सिंह ने की। उन्होंने किसानों से फसल अवशेष व नरवाई न जलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने नैनो यूरिया,नैनो डीएपी,नैनो जिंक,नैनो कॉपर एवं जैव उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग की सलाह दी।
मुख्य अतिथि डा.जैसवाल,वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र इटावा ने मृदा परीक्षण एवं कृषि वैज्ञानिकों की संस्तुति के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि इफको कानपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक बी.के.निगम ने नैनो उर्वरकों को उचित समय व मात्रा में प्रयोग करने की जानकारी दी।
कृषि फार्म प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया प्लस वाले फसल प्रदर्शन में फसलों का विकास संतोषजनक रहा। किसानों को प्रक्षेत्र का भ्रमण कराकर फसलों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया तथा नैनो उर्वरकों के प्रयोग की तकनीकी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में किसानों को कम लागत,संतुलित उर्वरक उपयोग,मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल खेती अपनाने का संदेश दिया गया।
इस दौरान राहुल यादव,विनोद यादव, नवीन गुप्ता,नरेंद्र यादव, उमाशंकर,अनिल कुमार एवं सौरभ पांडे सहित कृषि,सहकारिता और इफको से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



