पीड़ितों को मिलेगी निःशुल्क कानूनी मदद, पुलिस और पीएलवी में बेहतर समन्वय पर जोर

गाजियाबाद। महिलाओं और जरूरतमंद पीड़ितों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने और निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया। पुलिस लाइंस स्थित परमजीत हॉल में गुरुवार को पैरा लीगल वालंटियर्स और मिशन शक्ति प्रभारियों की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध समेत अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि आर्थिक परेशानी या कानूनी प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में कोई भी पीड़ित सहायता से वंचित न रहे। पीएलवी को पीड़ितों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध निःशुल्क सहायता की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस, मिशन शक्ति प्रभारियों और पीएलवी के बीच बेहतर तालमेल बनाकर पीड़ितों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पीड़ितों को केवल उनकी शिकायत सुनने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें न्याय पाने के लिए उपलब्ध कानूनी विकल्पों और सहायता की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाए।

Related Articles

Back to top button