नमो भारत स्टेशन बनेंगे कला-संस्कृति के केंद्र
एनसीआरटीसी और आईजीएनसीए के बीच समझौता, यात्रियों को मिलेगी भारतीय विरासत की झलक

गाजियाबाद/नई दिल्ली। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के स्टेशनों पर अब यात्रियों को भारतीय कला, संस्कृति और विरासत की झलक देखने को मिलेगी। इसके लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के बीच समझौता हुआ है।
समझौते के तहत नमो भारत स्टेशनों पर नियमित रूप से कला प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साहित्यिक गोष्ठियां, कार्यशालाएं और विरासत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आईजीएनसीए कार्यक्रमों के संचालन एवं मार्गदर्शन में सहयोग करेगा, जबकि एनसीआरटीसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
एनसीआरटीसी के अनुसार, कॉरिडोर पर प्रतिदिन करीब 1.10 लाख यात्री सफर कर रहे हैं और अब तक 4.5 करोड़ यात्री यात्राएं पूरी हो चुकी हैं। इस पहल से विद्यार्थियों, कलाकारों और स्थानीय समुदायों को भी अपनी कला एवं संस्कृति से जुड़ने के नए अवसर मिलेंगे। नमो भारत स्टेशन परिवहन केंद्रों के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख मंच के रूप में विकसित किए जाएंगे।



