तिरंगे में लपेटकर यमुना किनारे दी अंतिम विदाई
रिटायर्ड हवलदार का सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के नगला रामसुंदर गांव निवासी 76 वर्षीय पूर्व सैनिक नायब सिंह सिकरवार का आकस्मिक निधन हो गया। वह 12 राजपूत बटालियन में 18 वर्ष तक हवलदार के पद पर सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पूर्व सैनिक के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर यमुना नदी के किनारे ले जाया गया, जहां सैनिक सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से पूर्व सैनिक को अंतिम विदाई दी। बड़ी बेटी अमर देवी के पुत्र आशिक सिंह परिहार ने मुखाग्नि दी।
नायब सिंह अपने पीछे पत्नी मिथलेश देवी और दो पुत्रियां अमर देवी व सोनी देवी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।इस दौरान सलामी देने में कैप्टन इंद्रजीत सिंह भदोरिया, लला सिंह भदोरिया, इंद्रजीत सिंह तोमर, रविन्द्र सिंह सिकरवार, धीरजसिंह तोमर आदि रहे।



