आईटीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में एलुमनाई मीट-2026 का आयोजन
1997 से 2024 तक के पूर्व छात्र-छात्राओं ने साझा कीं यादें, अनुभवों का किया आदान-प्रदान

गाजियाबाद। आईटीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, गाजियाबाद में शनिवार को एलुमनाई मीट-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1997 से 2024 तक के विभिन्न बैचों के पूर्व छात्र-छात्राओं, संस्थान के शिक्षकों और वर्तमान विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। एलुमनाई मीट के माध्यम से पूर्व छात्रों को अपने संस्थान से दोबारा जुड़ने, पुरानी यादें साझा करने और एक-दूसरे से संवाद करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। आईटीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. अजय कुमार ने सभी पूर्व छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए संस्थान और एलुमनाई के बीच मजबूत एवं दीर्घकालिक संबंध बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र संस्थान की महत्वपूर्ण पूंजी हैं और उनके अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं।
आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा और वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने भी पूर्व छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के पूर्व छात्रों के सम्मान के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। गणेश वंदना, समूह नृत्य सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
पूर्व छात्रों ने साझा किए अनुभव
एलुमनाई मीट में आयोजित अनुभव-साझाकरण सत्र में पूर्व छात्र-छात्राओं ने संस्थान से जुड़ी अपनी यादें और पेशेवर अनुभव साझा किए। इस दौरान वर्तमान विद्यार्थियों को भी पूर्व छात्रों से संवाद करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला। इंटरैक्टिव खेलों में विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पीजीडीएम की चेयरपर्सन डॉ. डी.के. पांडेय की अध्यक्षता में जनरल बॉडी मीटिंग भी आयोजित की गई, जिसमें एलुमनाई समुदाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इसके बाद पूर्व छात्र-छात्राओं के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का औपचारिक समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने रात्रिभोज में हिस्सा लिया और एक-दूसरे के साथ अनौपचारिक संवाद किया। एलुमनाई मीट ने पूर्व छात्रों, शिक्षकों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संस्थान से जुड़े रिश्तों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।



