जनसुनवाई में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। बड़ी संख्या में लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गरीब, पीड़ित, दिव्यांग, बुजुर्ग एवं बेसहारा लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं के निस्तारण में अधिकारी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (नगर), सिटी मजिस्ट्रेट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



