पुलिस कर्मियों ने सत्य-अहिंसा की ली शपथ
ध्वजारोहण कर थाने में मनाई गांधी-शास्त्री की जयंती

जसवंतनगर,इटावा। गांधी और शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में थाना पुलिस के समस्त अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के बाद पुलिसकर्मियों को सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई गई। पुलिस कर्मियों ने ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। इस दौरान थाना जसवंतनगर का समस्त पुलिस बल मौजूद रहा।



