SIR और चुनावी प्रक्रिया के मुद्दे पर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

सुजीत कुमार मऊ।
मऊ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मऊ में धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में बुनकर कॉलोनी स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी आपत्तियां जताईं और मतदाता सूची की पारदर्शिता की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुतले जलाकर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह के बदलाव से पहले उसकी पूरी जानकारी सामने आनी चाहिए, ताकि किसी मतदाता को अपने अधिकार से वंचित होने की आशंका न रहे।
जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची या चुनावी प्रक्रिया को लेकर यदि लोगों के मन में कोई सवाल उठ रहा है तो उसका जवाब पारदर्शी तरीके से दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में हुए बदलावों की व्यापक और स्वतंत्र समीक्षा की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात जनता और सरकार तक पहुंचाती रहेगी। मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस आगे भी आवाज उठाएगी। धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च भी निकाला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के सड़क पर उतरने के कारण कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ी अपनी मांगें उठाईं।
प्रदर्शन में ओमप्रकाश ठाकुर, उदय प्रताप राय, इंतेखाब आलम, रमेश यादव, रामकेश सिंह पटेल, मनोज गिहार, सईदुर्रहमान अंसारी, हफीजुर्रहमान, आफताब सिद्दीकी, प्रेम शिला, महक पांडेय, सलमान जमशेद, रमन पांडेय, फहद कादिर, सरोज पांडेय, मसूद अख्तर, अमरेश चंद्र पांडेय, हरेंद्र यादव और जावेद खान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समय से समाधान किया जाना चाहिए। पार्टी ने SIR से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जानकारी और पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की मांग दोहराई।



