आम्रपाली ट्रेन से गिरकर महिला की मौत
चंडीगढ़ से समस्तीपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर हुआ हादसा, डाउन ट्रैक पर मिला शव

जसवंतनगर,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर चंडीगढ़ से समस्तीपुर जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15808 से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। हादसा खंभा नंबर 1173/18-16 के मध्य डाउन ट्रैक पर हुआ।
मृतका की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के चंदौली निवासी करीब 40 वर्षीय मीणा देवी पत्नी अशोक कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के हेड कांस्टेबल नारायण सिंह राजपूत और कांस्टेबल कालूराम मीणा मौके पर पहुंचे।
इसके बाद जीआरपी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।



