देवी-देवताओं के भेष में नृत्य, जनसमस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

सुलतानपुर| कटका क्लब सामाजिक संस्था ने देवी-देवताओं का भेष धारण कर नृत्य किए जाने, दुर्गापूजा में देवी-देवताओं की झांकियों, जनपद में विद्युत कटौती और कूरेभार क्षेत्र के फूलपुर गांव में क्षतिग्रस्त लिंक मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन एवं नगर सीओ राघवेंद्र सिंह को लिखित ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम की अगुवाई मिशन जारी टीम के मनोज कुमार विश्वकर्मा ने की।

कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने कहा कि देवी-देवताओं का भेष धारण कर नृत्य करने तथा दुर्गापूजा के दौरान देवी-देवताओं की झांकियां निकालने पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था और मर्यादा का सम्मान किया जाना चाहिए। मिशन जारी टीम के मनोज कुमार विश्वकर्मा ने जनपद में लगातार हो रही विद्युत कटौती का मुद्दा उठाते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की। वहीं बृजेंद्र मिश्र ने कूरेभार के फूलपुर गांव में क्षतिग्रस्त लिंक मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने के साथ जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांजल मिश्र, शिव कुमार, महेंद्र सिंह, विनय उपाध्याय, गौरी शंकर शर्मा सहित दर्जनों युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button