बिजली विभाग के वर्कशॉप में धूमधाम से मनाई गई भगवान विश्वकर्मा की पूजा

मऊ के बिजली विभाग वर्कशॉप में भगवान विश्वकर्मा की पूजा बहुत ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस खास मौके पर वर्कशॉप के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों ने मिलकर पूजा-अर्चना की और अपने काम में इस्तेमाल होने वाले औजारों व मशीनों की साफ-सफाई कर उनका पूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे वर्कशॉप को फूलों और झालरों से सजाया गया था। सुबह से ही चारों तरफ भक्ति का माहौल बना हुआ था। सबने मिलकर भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की कि वर्कशॉप में काम हमेशा बिना किसी बाधा के चलता रहे और बिजली से जुड़े सभी काम सुरक्षित तरीके से पूरे हों।
इस पूजा कार्यक्रम में मुख्य रूप से अपर अभियंता महेश निराला, जेई जितेंद्र यादव और रितेश सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को विश्वकर्मा पूजा की बधाई दी और उनके मेहनत की सराहना की। महेश निराला ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण और तकनीकी ज्ञान का देवता माना जाता है, इसलिए आज का दिन हम सभी तकनीकी कर्मचारियों के लिए बेहद खास है।
पूजा और आरती खत्म होने के बाद वहां मौजूद सभी लोगों के बीच प्रसाद बांटा गया। वर्कशॉप के सभी कर्मचारियों ने आपस में खुशियां बांटीं और पूरी लगन से अपना काम करने का संकल्प लिया।



