खनन माफिया पर शिकंजा: ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
झलोखर में मिट्टी का अवैध खनन करते पुलिस ने मारा छापा:जेसीबी व अन्य ट्रैक्टर चालक भागे

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झलोखर में मंगलवार रात अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर एक मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही खनन में लगे लोग,मजदूर,जेसीबी और अन्य ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकले। पुलिस ने पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। इसकी रिपोर्ट खनन अधिकारी और एआरटीओ को भी भेजी गई है।
थाना प्रभारी कमल भाटी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी और पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस के अचानक पहुंचने पर खनन में लगे लोगों में भगदड़ मच गई। कई चालक अपनी मशीनें और ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने पीछा कर एक मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया।
बताया गया है कि झलोखर क्षेत्र में पिछले काफी समय से मशीनों के जरिए अवैध मिट्टी खनन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। मंगलवार रात सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ने तत्काल टीम को मौके पर भेजा। कार्रवाई के बाद खनन में शामिल लोगों में हड़कंप मचा रहा।
बताया जाता है कि पकड़े गए ट्रैक्टर को छुड़ाने के लिए दिनभर कई लोग पुलिस से संपर्क करते रहे, लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं छोड़ी गई। पुलिस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा होती रही।



