इंदिरापुरम के पार्श्वनाथ मजेस्टिक में फ्लैट में भीषण आग, मची अफरा-तफरी; समय रहते बाहर निकले लोग

गाजियाबाद। इंदिरापुरम के वैभव खंड स्थित पार्श्वनाथ मजेस्टिक आवासीय परिसर में बुधवार दोपहर एक फ्लैट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग डी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट संख्या D-304 में लगी थी। सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर मौके के लिए रवाना किए गए। कुछ ही देर में मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
फायर विभाग के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को दोपहर 1:32 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि फ्लैट में आग तेजी से धधक रही थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में अग्निशमन दल ने तीसरी मंजिल तक होज पाइप पहुंचाकर फ्लैट के अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
फायरकर्मियों की तत्परता और समन्वित प्रयासों से कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। टीम ने आग को आसपास के फ्लैटों तक फैलने से पहले ही रोक दिया।
फायर विभाग के अनुसार, फ्लैट की मालकिन अनीता खेत्रपाल (लगभग 60 वर्ष) मौके पर मौजूद थीं। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय फ्लैट के अंदर कोई व्यक्ति फंसा नहीं था। सभी लोग समय रहते इमारत से बाहर निकल चुके थे। घटना में किसी भी व्यक्ति की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि, आग की चपेट में आने से फ्लैट में रखा घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। आग लगने के कारणों की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।



