नकली दवा-सप्लीमेंट का गिरोह बेनकाब, गाजियाबाद में 5 गिरफ्तार; ₹50 लाख की बरामदगी

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ट्रांस हिंडन जोन ने नकली सप्लीमेंट और एलोपैथिक दवाएं तैयार कर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के नकली सप्लीमेंट और एलोपैथिक दवाएं बरामद होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान दिलीप पांडेय (39), वीरभान उर्फ रवि (34), रोहित वक्शी उर्फ लड्डू (35), हन्नी कुलश्रेष्ठ (30) और आर्यन (24) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का आरोप है कि पकड़े गए आरोपी फर्जी तरीके से सप्लीमेंट और एलोपैथिक दवाएं तैयार कर उन्हें बाजार में बेचने का काम कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली तरीके से तैयार किए गए सप्लीमेंट और एलोपैथिक दवाएं बरामद की गई हैं।
पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, नकली दवाओं की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इस पूरे कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच कर रही है।



