इंजन फेल: डेढ़ घंटा रुकी फरक्का एक्सप्रेस

भरथना,इटावा। कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही फरक्का एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक भरथना रेलवे स्टेशन की अप लाइन पर खड़ी रही। ट्रेन संख्या 15743 सोमवार रात करीब 11:40 बजे अचानक रुक गई। ट्रेन के रुकने के बाद यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इंजन में खराबी की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी गई। इसके बाद दूसरा इंजन मौके पर मंगवाया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद दूसरा इंजन लगाया गया, जिसके बाद रात करीब 1:20 बजे ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
इस दौरान ट्रेन के अंदर बैठे यात्रियों को रात में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने से यात्रियों में बेचैनी बनी रही। दूसरा इंजन लगाए जाने के बाद ट्रेन के रवाना होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।



