मारपीट कर फायर करना पड़ा महंगा: गिरफ्तार
कार सवार युवक की मारपीट के बाद तमंचे से फायर करने का था आरोप

जसवंतनगर,इटावा। इटावा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम भतोरा के सामने सवारी लेकर जा रहे कार चालक के साथ मारपीट और तमंचे से फायर करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शंकर उर्फ चुल्लू पुत्र बंगाली बाबू है। उसे सोमवार रात बलैयापुर गांव जाने वाले मोड़ के पास से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोटरसाइकिल से वहां खड़ा था। सूचना पर उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बाबरपुर,थाना अजीतमल,औरैया निवासी मनोज कुमार पुत्र रामस्वरूप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कानपुर देहात से सवारी लेकर गुड़गांव, हरियाणा जा रहा था। 13 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे इटावा-जसवंतनगर के बीच जाम के चलते वह भतोरा के पास पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान सोनू पुत्र बलराम निवासी रानी बाग, शिवनारायण की मड़ैया, थाना कोतवाली, शंकर उर्फ चुल्लू, आशीष और एक अज्ञात व्यक्ति उसकी कार में चढ़ आए।
आरोप है कि सोनू ने तमंचे की बट से मनोज के साथ मारपीट शुरू कर दी। अन्य आरोपियों ने भी उसकी पिटाई की। जान से मारने की धमकी देते हुए सोनू ने तमंचे से फायर किया, लेकिन मनोज बाल-बाल बच गया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शंकर उर्फ चुल्लू के बलैयापुर मोड़ पर मौजूद होने की सूचना मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।



