अब सुविधाजनक होगा राशन वितरण
अन्नपूर्णा भवन का गाँव में उद्घाटन

जसवंतनगर,इटावा। ग्राम पंचायत कैस्त में सोमवार को नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान अधिकारियों ने भवन की उपयोगिता और सरकार की योजना के उद्देश्यों की जानकारी दी।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि अन्नपूर्णा भवन के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक होगी। योजना के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर उचित दर की दुकानों को स्थायी अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे राशन कार्डधारकों को खाद्यान्न लेने में परेशानी न हो।
भवन में खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सामग्री के भंडारण के लिए दो अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। एक कक्ष में सरकारी खाद्यान्न, जबकि दूसरे में अन्य जरूरी सामग्री रखी जाएगी। इससे राशन को सुरक्षित रखने के साथ वितरण व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र सागर, जिला पंचायत सदस्य राधा रानी, उनके प्रतिनिधि एवं उचित दर विक्रेता शिव प्रकाश, ग्राम प्रधान कमला देवी, पूर्व प्रधान जानकी प्रसाद, भारत सिंह, भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला, रामजी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर नई सुविधा का स्वागत किया।



