हिंदी दिवस: निबंध में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
कक्षा नौ-दस के छात्रों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, विजेताओं को शिक्षकों ने किया प्रोत्साहित

जसवंतनगर,इटावा। हिंदी दिवस के अवसर पर राम जानकी विद्या मंदिर, कैस्त में सोमवार को कक्षा नौ और दस के विद्यार्थियों के बीच निबंध प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लेकर हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और लेखन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कक्षा नौ में दिव्या शाक्य ने प्रथम, यशु ने द्वितीय और सृष्टि गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा दस में अनुष्का प्रथम, खुशी गुप्ता द्वितीय और अंशिका दुबे तृतीय रहीं। शिक्षकों ने विजेता विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय प्रबंधक शिवसागर शुक्ला ने कहा कि हिंदी मातृभाषा होने के साथ देश की सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ी है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में लेखन, अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच का विकास होता है। प्रधानाचार्य अभिषेक रामजी शुक्ला ने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति निरंतर रुचि बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर अध्यापक पिंकी यादव, दीपक कुमार, ममता तिवारी, पद्मा मिश्रा, विजयपाल यादव, जयचंद परिहार, सतीश कुमार सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।



