काशीराम कॉलोनी में बदहाल व्यवस्था
पक्की गलियां-खरंजे न बनने से कीचड़ युक्त जलभराव,मच्छरों का बढ़ा प्रकोप,लाखों की पानी की टंकी भी बदहाल

जसवंतनगर,इटावा। कैस्त स्थित काशीराम कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कॉलोनी में कई जगह पक्की गलियां और खरंजे नहीं बन सके हैं। बारिश में कच्चे रास्तों पर कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पानी लंबे समय तक जमा रहता है। जगह-जगह कूड़ा और गंदगी पड़ी होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक,बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कॉलोनी में लाखों रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी भी देखरेख के अभाव में जीर्णशीर्ण हालत में है। टंकी के आसपास भी साफ-सफाई नहीं है। पुराने और जर्जर भवन भी कॉलोनी की बदहाली बयां कर रहे हैं। लोगों ने नगर पालिका से पक्की गलियों व खरंजों का निर्माण,नालियों की सफाई,जल निकासी की व्यवस्था और पानी की टंकी की मरम्मत कराने की मांग की है।



