धान के खेत की मेड़ पर औंधे मुंह पड़ा मिला शव

सुबह घर से खेतों की पर निकला था: देर रात परिजनों को मिला शव

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के दासीपुर गांव में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब धान के खेत में मेड़ के किनारे एक युवक का शव मुंह के बल पड़ा मिला। शव की पहचान गांव निवासी कुलदीप कुमार शाक्य 40 पुत्र प्रताप सिंह के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों के मुताबिक कुलदीप बुधवार सुबह करीब 11 बजे घर से खेतों की ओर गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के खेतों में खोजबीन के दौरान रात करीब 10 बजे धान के खेत की मेड़ के किनारे उसका शव पड़ा मिला।

परिजनों ने बताया कि कुलदीप को पूर्व में दौरे की बीमारी थी। बीमारी के चलते वह पहले भी एक-दो बार पानी और बंबे में गिर चुका था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि खेत की ओर जाते समय अचानक दौरा पड़ने से वह गिर गया होगा। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सूचना पर पहुंचे थाना उपनिरीक्षक नितिन कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुलदीप की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह अपने पीछे पत्नी वंदना और आठ वर्षीय बेटी को छोड़ गया है। अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button