बिहारीपुरा की मुख्य सड़क बनी नाला
स्कूली बच्चों व बुजुर्गों की बढ़ी मुसीबत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरवार के मजरा बिहारीपुरा में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। गांव का मुख्य मार्ग इन दिनों नाले में तब्दील नजर आ रहा है, जबकि कई गलियों में दो से तीन फीट तक कीचड़युक्त गंदा पानी भरा है। इससे ग्रामीणों का आवागमन दुश्वार हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण सुरेश,महेश, सर्वेश,रमेश,मुन्नालाल, रविंद्र और बारे लाल आदि ने बताया कि गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। तालाब तक पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। ऐसे में बारिश का पानी मुख्य मार्ग और गलियों में जमा हो जाता है।
कई दिनों से जलभराव रहने के कारण रास्तों पर कीचड़ फैल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पैदल निकलना भी जोखिम भरा हो गया है और आए दिन बच्चों व बुजुर्गों के फिसलने का खतरा बना रहता है। समस्या के समाधान के लिए पूर्व में एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि जमा गंदा पानी अब सड़ने लगा है और उसमें मच्छरों की भरमार हो गई है। इससे वायरल समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
एडीओ पंचायत देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है। यदि गांव में जलभराव की समस्या है तो सफाई कर्मियों को भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।



